एसएन श्रीवास्तव, पुलिस कमिश्नर, दिल्ली
- फोटो : ANI
दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने लॉक डाउन का सख्ती से पालन करवाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई जरूरी कारण बिना घर से बाहर निकलता है तो उसके खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया जाए। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने मंगलवार को अधिनस्थ पुलिस अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर लॉक डाउन के पहले दिन की समीक्षा की और रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर बढ़ रही भीड़ को लेकर जमीनी हकीकत को जाना।
पुलिस आयुक्त ने आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं को सुगम बनाने की आवश्यकता पर जोर दते हुए निर्देश दिया है कि वाहनों और सड़कों पर लोगों के अनावश्यक आवागमन पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि विनम्र लेकिन दृढ़ रहें। सड़कों पर पिकेट्स की सख्ती से जांच करने के अलावा, लोगों को कोविद कर्फ्यू का पालन करने के लिए कॉलोनियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में घोषणा करें। घर से बाहर आने वाले किसी भी व्यक्ति को पुलिस कर्मियों द्वारा निश्चित रूप से जांच की जाएगी और पूछताछ की जाए। दवा की दुकानों, सब्जी की दुकानों आदि जैसी आवश्यक सेवाओं में सामाजिक दूरी का पालन करवाना सुनिश्चित करवाएं। लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाया जाए।
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा है। पिकेट में छोटे-छोटे ग्रुप में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। उन्होंने कहा कि मुसीबत के इस समय में हर कोई पुलिस से सहायता मांग रहा है। लोग इस तरह की सहायता मांग रहे है जिनसे पुलिस का कोई मतलब नहीं है। ऐसे में भी लोगों की सहायता करनी है। दिल्ली पुलिस की कोविड हेल्पलाइन नंबर 011-24369900 पर हर रोज हजारों कॉल आ रही हैं। ऐसे में लोगों की हरसंभव सहायता की जाए।