दिल्ली सरकार अपनी सेवा के दौरान जान गंवाने वाले 6 जवानों के परिवार वालों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसमें दो जवान दिल्ली पुलिस से और तीन एयरफोर्स से थे, जबकि एक जवान की सिविल डिफेंस में तैनाती थी। शुक्रवार को हुई ग्रुप ऑफ मिनिस्टर की बैठक में राजस्व विभाग की तरफ से यह प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
इस निर्णय के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हम उन वीर जवानों के परिवारों को किसी तरह की तकलीफ नहीं होने देंगे, जिन्होंने सेवा के दौरान अपनी जान गंवाई है। इस सम्मान राशि के जरिए वे परिवारों की आर्थिक तकलीफ कम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार की मदद केवल इतने तक सीमित नहीं रहेगी। इन परिवारों का हर तरह से ध्यान रखा जाएगा।
इन जवानों में संकेत कौशिक (एसीपी-दिल्ली पुलिस), विकास कुमार (दिल्ली पुलिस), परवेश कुमार (सिविल डिफेंस), राजेश कुमार (एयर फोर्स), सुनित मोहंती एयरफोर्स) और मीत कुमार (स्क्वाड्रन लीडर एयरफोर्स) का नाम शामिल है। इन सभी जवानों की अपनी सेवा के दौरान मृत्यु हो गई थी। दिल्ली सरकार अब इनके परिवारों को आर्थिक सहायता देगी।
इन शहीद जवानों के परिजनों को दी जाएगी राशि
- स्वर्गीय संकेत कौशिक (एसीपी-दिल्ली पुलिस)
मूलरूप से राजस्थान के अजमेर, शास्त्री नगर निवासी स्वर्गीय संकेत कौशिक दिल्ली पुलिस में एसीपी पद पर कार्यरत थे। 25 जुलाई 2020 को ड्यूटी के दौरान एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी मौत हो गई थी।
- स्वर्गीय विकास कुमार (दिल्ली पुलिस)
हरियाणा के झज्जर जिला निवासी स्वर्गीय विकास कुमार दिल्ली पुलिस में कार्यरत थे। वह 15 सितंबर 2016 को जीया सराय से नेहरू प्लेस तक पिकेट ड्यूटी कर थे। एक कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। घटना में उनकी मौत हो गई थी
- स्वर्गीय परवेश कुमार (सिविल डिफेंस)
साउथ वेस्ट दिल्ली के वीपीओ खैरा निवासी स्वर्गीय परवेश कुमार सिविल डिफेंस में कार्यरत थे। 20 सितंबर 2020 की देर रात वह अपनी टीम के साथ मंगोलपुरी फ्लाई ओवर के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। अचानक तेज रफ्तार में एक ट्रक आया और उन्हें टक्कर मारते हुए फरार हो गया। गंभीर हालत में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोपहर बाद उनका निधन हो गया।
स्वर्गीय राजेश कुमार (एयर फोर्स)
साउथ-वेस्ट दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव निवासी स्वर्गीय राजेश कुमार एयरफोर्स में कार्यरत थे। 12 जून 2019 को विमान का मलबा परी हिल्स, सियांग, अरुणाचल प्रदेश में मेनचुका के रास्ते में मिला। इस हादसे में विमान में सवार सभी सदस्य की मृत्यु हो गई थी।
स्वर्गीय सुनित मोहंती (लेफ्टिनेंट एयरफोर्स)
साउथ-वेस्ट दिल्ली के द्वारका सेक्टर-7 निवासी स्वर्गीय सुनित मोहंती एयरफोर्स में लेफ्टिनेंट पद पर कार्यरत थे। लेफ्टिनेंट सुनीत मोहंती एक विमान हादसे में शहीद हो गए थे।