फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टीकाकरण : 15 लाख बच्चों को वैक्सीन देने के लिए दिल्ली सरकार तैयार, केंद्र से निर्देश का इंतजार

Mon, 27 Dec 2021 05:27 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

आगामी तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों को मिलेगी वैक्सीन। कोविन वेबसाइट पर ही कराना होगा पंजीयन, जल्द आएगी और जानकारी।
विज्ञापन
Corona Vaccination - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बच्चों के साथ साथ बुजुर्ग और स्वास्थ्य कर्मचारियों को संक्रमण से बचाने के लिए दिल्ली ने तैयारी पूरी कर ली है। आगामी तीन जनवरी से देश भर में 15 से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों को वैक्सीन मिलना शुरू हो जाएगी। साल 2011 की जनगणना और सांख्यिकी विभाग की इसी साल आई रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी में ऐसे बच्चों की संख्या करीब 15 लाख है। इन्हें कोरोना की वैक्सीन दी जाएगी। हालांकि अभी तक इसे लेकर दिल्ली सरकार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। 

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि व्यस्कों की तरह बच्चों का टीकाकरण भी होगा। कोविन वेबसाइट के जरिए पंजीयन कराना होगा लेकिन अभी यह पूरी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इसी सप्ताह में यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चों का पंजीयन हो सकेगा। हालांकि इससे पहले दिल्ली टीकाकरण के लिए तैयार है। इनके पास पर्याप्त क्षमता है। 

विभागीय अधिकारी ने बताया कि अभी तक केंद्र की ओर से दिल्ली सरकार के पास कोई निर्देश नहीं आए हैं। ऐसे में यह जानकारी अभी नहीं दी जा सकती है कि बच्चों को वैक्सीन ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन यानी टीकाकरण केंद्र पर पहुंचने के बाद पंजीयन कराते हुए भी मिल सकती है अथवा नहीं। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद ही दी जा सकेगी।
विज्ञापन


उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक दिल्ली के पास बच्चों के टीकाकरण के लिए वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। केंद्र से सूचना मिली है कि एक से दो दिन में वैक्सीन की आपूर्ति हो सकती है। हालांकि यह वैक्सीन कौन सी है? इसके बारे में उन्हें भी नहीं पता है। अभी एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों के टीकाकरण को लेकर घोषणा की है लेकिन लिखित तौर पर इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सोमवार से मंगलवार के बीच पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी जिसके आधार पर दिल्ली सरकार आगामी तीन जनवरी से बच्चों का टीकाकरण शुरू करेगी। 

सवा दो लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों को मिलेगी तीसरी खुराक
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के अलावा डिस्पेंसरी और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या करीब सवा दो लाख है। इन सभी को अब तक वैक्सीन की दो खुराक दी जा चुकी हैं। आगामी 10 जनवरी से इन्हें तीसरी खुराक देने की घोषणा भी हुई है। हालांकि इन्हें वैक्सीन देने का सिस्टम पहले से ही तैयार है। लिखित अनुमति आने के बाद सभी को करीब दो से तीन सप्ताह के भीतर ही तीसरी खुराक लगा दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि तीसरी खुराक का टीकाकरण इसलिए भी जल्दी हो जाएगा क्योंकि एक से दो दिन में पूरे अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मचारियों को यह खुराक मिल सकती है। 

दिल्ली में 12 लाख से कम नहीं बुजुर्ग, रोगियों की जानकारी नहीं
अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में 60 वर्ष या फिर उससे अधिक आयु वालों की आबादी करीब 12 लाख से अधिक है। चूंकि इस आयु के पहले से बीमार रोगियों को तीसरी खुराक की अनुमति दी जा रही है। ऐसे में सरकार के पास पहले से कोई आंकड़ा नहीं है। टीकाकरण शुरू होने के बाद ही इनकी संख्या सामने आ सकती है। इस आयु वर्ग के लिए तीसरी खुराक को अनिवार्य नहीं किया गया है। चिकित्सीय सलाह लेने के बाद यह लोग वैक्सीन की अगली खुराक ले सकते हैं। 

दिल्ली पुलिस सहित फ्रंटलाइन वर्कर भी तैयार
जानकारी मिली है कि स्वास्थ्य कर्मचारियों के अलावा फ्रंटलाइन वर्कर को भी वैक्सीन की तीसरी खुराक मिलेगी। ऐसे में दिल्ली पुलिस से लेकर सिविल डिफेंस और अन्य सभी सुरक्षा एजेंसी के जवान इसमें शामिल हैं। हालांकि अभी तक नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड और बिजली विभाग से जुड़े कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर की सूची में रखने की जानकारी नहीं है। पिछली बार दिल्ली सरकार ने विशेष अनुमति लेते हुए इन सभी को प्राथमिकता के तौर पर टीकाकरण किया था। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि केंद्र से दिशा निर्देश मिलने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में एक बैठक होगी जिसमें इस पर विचार किया जा सकता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें