दक्षिण दिल्ली के गोविंदपुरी के नजदीक सुबह करीब नौ बजे एक क्लस्टर बस में भीषण आग लग गई। गर्मी अधिक होने की वजह से चंद मिनट के अंदर ही बस पूरी तरह जल गई। सुबह का वक्त होने की वजह से बस में अधिक यात्री थे, लेकिन सभी को चालक-परिचालक ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग को काबू किया। आग की लपटें इतनी ज्यादा थी कि लोग सड़कों पर वाहनों को रोककर जलती बस को देखने लगे।
हमदर्द नगर से गोविंदपुरी की तरफ जा रही क्लस्टर बस के इंजन से पहले धुआं निकलने के बाद आग लगने की शुरुआत हो गई। आग की लपटें और अधिक बढ़े इससे पहले ही बस में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित निकालने में चालक-परिचालक जुट गए। कुछ देर में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग के इस हादसे में सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के वक्त बस इस क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाके से निकल चुकी थी, इसलिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई। सूत्रों के मुताबिक बस हमदर्द नगर से नंद नगरी डिपो के लिए जा रही थी। इस साल क्लस्टर बस में इससे पहले आग नहीं लगी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
समिति की रिपोर्ट से पहले एक और बस में लगी आग
पिछले ढाई महीने में बसों में आग लगने की यह छठी घटना है। दिल्ली परिवहन निगम(डीटीसी)की पांच बसों में लगातार आग लगने की घटनाओं की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई थी। कमेटी के सदस्य अलग अलग डिपो में बसों में आग लगने संबंधी सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं। समिति की रिपोर्ट आने से पहले घटना में एक और बढ़ोतरी हो गई है। समिति आग के कारणों की जांच के बाद ऐसी घटनाएं दोबारा न हो इससे संबंधित सुझाव देगी। इन सुझावों को लागू किया जाएगा ताकि बसों में यात्रियों को सुरक्षित सफर का मौका मिल सके। समिति की रिपोर्ट 10 दिनों में सौंपे जाने की उम्मीद है।