अशोक विहार के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय के पहले इस्तेमाल को लेकर हुए झगड़े में घोषित बदमाश की पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि मृतक ने विरोध करने पर कतार में खड़े दो भाइयों पर सर्जिकल ब्लेड से हमला करने की कोशिश की। अपना बचाव करते हुए दोनों भाइयों ने उसकी पिटाई कर दी। इससे बदमाश अचेत होकर गिर गया। उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की शिनाख्त सत्संग कॉलोनी निवासी राजा बाबू के रूप में हुई है। वह अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश था और उसपर दस मामले दर्ज थे। सोमवार शाम करीब पांच बजे अशोक विहार पुलिस को एक युवक को अचेता अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को छानबीन करने पर पता चला कि मृतक राजा बाबू सत्संग कॉलोनी में रहता था। उसका कॉलोनी के रहने वाले दो भाइयों मोहित और साहिल से झगड़ा हुआ था। दोनों भाइयों ने उसकी पिटाई कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और देर रात दोनों भाइयों को इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों सार्वजनिक शौचालय के बाहर लाइन खड़े थे। इसी दौरान पीछे से राजा बाबू आया और पहले शौचालय जाने के जिद करने लगा। विरोध करने पर उसने सर्जिकल ब्लेड निकाल लिया और दोनों भाइयों पर हमला करने की कोशिश की। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है।
रंजिश में युवक को चाकू घोंपा, हालत नाजुक
शालीमार बाग इलाके में सोमवार रात पुरानी रंजिश में हमलावरों ने एक युवक को चाकू गोद दिया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना को अंजाम देकर तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस युवक की बहन के बयान पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। घायल युवक की पहचान जोगिंदर(27) के रूप में हुई है। वह पत्नी और तीन बच्चों के साथ इंदिरा कालोनी शालीमार बाग में रहता है। वह आजादपुर मंडी में मजदूरी करता है। सोमवार रात पुलिस को जोगिंदर को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। गीता ने बताया कि वह रात में अपनी चाय की दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान जोगिंदर भागता हुआ आया। उसके पीछे पीछे तीन युवक चाकू लेकर आए। एक युवक ने जोगिंदर को पकड़ लिया और उसके पेट में चाकू घोंप दिया।