मोबाइल फोन पर आए अनजान संदेश के लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि लोन स्वीकृत होने या लॉटरी वाले मैसेज पर क्लिक करते ही आपका मोबाइल हैक हो जाए। मोबाइल में स्टोर वीडियो और फोटो साइबर ठगों के पास पहुंच जाए। पूर्वी दिल्ली के कारोबारी के साथ ऐसा ही हुआ। आरोपियों ने कारोबारी की फोटो से छेड़छाड़ कर उसे भेजकर वसूली शुरू कर दी।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी तेजी से बढ़ रही है। साइबर ठग किसी ने किसी तरह सेक्सटॉर्शन के जाल में फंसाकर पीड़ितों से रकम वसूल रहे हैं। कभी मोबाइल हैक कर तस्वीरों से छेड़छाड़ कर ब्लैकमेल किया जाता है तो कभी दोस्ती कर वीडियो कॉल के जरिये अश्लील हरकत करवाकर उसे रिकॉर्ड कर उसके जरिये ब्लैकमेलिंग होती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें और न ही सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के दोस्ती के जाल में फंसे। यदि ऐसा हो भी जाता है तो बिल्कुल न घबराए और बिना डरें और बिना शर्म के फौरन पुलिस को खबर दें।
कोविड के बाद तेजी से बढ़ा साइबर अपराध : आंकड़ों पर गौर करें तो कोविड के बाद अचानक साइबर अपराध में एकदम तेजी आई है। सितंबर 2020 में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने संसद को जानकारी दी थी कि वर्ष 2020 में 696938 साइबर सिक्योरिटी से जड़ी वारदात हुई। यह वर्ष 2019 से दोगुना थीं। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में साइबर अपराधों में 37 फीसदी का इजाफा हुआ है। दिल्ली में ही रोजाना औसतन 50 से अधिक साइबर ठगी की वारदात होती हैं।