राजधानी में कोरोना महामारी के प्रकोप एक बार फिर बढने लगा है। बावजूद लोग कोविड नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। रेस्टोरेंट व बार पर हो रही कार्रवाई के डर से लोग अब अपने कारों में ही हुक्का पार्टी कर रहे हैं। पंजाबी बाग थाना पुलिस ने एक पान की दुकान के सामने दो कारों में हुक्का पार्टी कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पंजाबी बाग थाने में तैनात हवलदार ऋषिराज रविवार रात सिपाही भागचंद के साथ इलाके में गश्त कर रहा था। क्लब रोड के पास पुलिसकर्मियों ने स्विफ्ट कार में तीन युवकों को बिना मास्क लगाए बैठे देखा। कार के पास पहुंचने पर पता चला कि तीनों युवक हुक्का का सेवन कर रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान नांगलोई निवासी नितेश, आकाश और नरेंद्र के रूप में हुई।
पूछताछ में युवकों ने बताया कि रमेश पान भंडार के मालिक ने उन्हें हुक्का दिया है। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ कोरोना महामारी के दौरान सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने, मास्क नहीं पहनने और हुक्का सेवन करने पर महामारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इसी दौरान पुलिस ने रमेश पान भंडार के पास ही एक होंडा कार खड़ी देखी। जिसमें दो लोग बिना मास्क के बैठे थे। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो देखा कि दोनों युवक हुक्का पी रहे थे। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। युवकों की पहचान न्यू मोती नगर निवासी नवजोत ङ्क्षसह और हरसिमरन सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने इनके खिलाफ भी महामारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।