मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अनुसूचित जाति के हर बच्चे को बेहतर शिक्षा दिलाने की बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपने को पूरा करने की शपथ ली। इसके लिए उन्होंने हर स्तर पर बच्चों की मदद करने का वायदा किया है।
त्यागराज में वाल्मीकि प्रकटोत्सव का आयोजन, अनुसूचित जाति के 90 फीसदी ज्यादा अंक पाने वाले छात्रों को सम्मानित
केजरीवाल शनिवार को त्यागराज स्टेडियम में दिल्ली सरकार की तरफ भगवान वाल्मीकि के प्रकटोत्सव कार्यक्रम में बोल रहे थे। इसमें बड़ी संख्या में ल्मीकि समाज के लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के स्कूलों से 12वीं में 90 फीसद से ज्यादा नंबर हासिल करने वाले इस समाज के 22 छात्रों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान वाल्मीकि और बाबा साहब का सपना, हर बच्चा हो शिक्षित
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर का सपना था कि हर दलित बच्चे को अच्छी से अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। 70 साल में वह सपना पूरा नहीं हुआ। उन्होंने इसे पूरा करने की कसम खाई। केजरीवाल के मुताबिक, वाल्मीकि समाज के दो सबसे बड़े आदर्श भगवान वाल्मीकि और बाबा साहब डॉ. अंबडेकर हैं और दोनों ने शिक्षा को तबज्जो दी है।
तरक्की का बताया था महान लोगों ने रास्ता
दोनों ने तरक्की का रास्ता केवल शिक्षा को बताया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर उन्हें लायक बना दो, भारत महान देश बन जाएगा, आज यही सबसे बड़ी देशभक्ति है। लेकिन महंगी फीस देकर गरीब लोग अपने बच्चों को निजी स्कूलों में नहीं पढ़ा सकते।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पहले सरकारी स्कूलों में पढ़ाई खराब होती थी, लेकिन अब दिल्ली के सरकारी स्कूल बहुत अच्छे हो गए हैं। 12वीं के बाद अगर आपका बच्चा डॉक्टर, इंजीनियर आईएएस, आईपीएस बनना चाहता है, तो दिल्ली सरकार उसके कोचिंग का खर्च दे रही है। दिल्ली सरकार पूरे देश की ऐसी पहली सरकार है, जिसने बच्चे के पैदा होने से लेकर उच्च स्तर तक की पढ़ाई का इंतजाम कर रखा है।
प्रतिभा सम्मान समारोह में बच्चे सम्मानित
त्यागराज स्टेडियम में प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इस मौके पर दिल्ली सरकार के स्कूलों से 12वीं में 90 फीसद से अधिक नंबर हासिल करने वाले समाज के 22 मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया।
साथ ही केजरीवाल ने मंदिर मार्ग स्थित बाल्मीकि मंदिर के महंत पीठासीन मंडलेश्वर श्रीकृष्ण शाह विद्यार्थी महाराज और मां भवानी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वाल्मीकि योगाश्रम जलांधर पंजाब के महंत एवं राष्ट्रीय वाल्मीकि समाज धर्मगुरु महामंडलेश्वर बालयोगी बाबा प्रकटनाथ महाराज भी मौजूद थे।
छात्रों का सम्मानित करने का इससे अच्छा मौका नहीं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 90 फीसद से ज्यादा अंक पाने वाले बच्चों आंखों में चमक है और सपना है। इनमें से कई बच्चे आईएएस अफसर, डॉक्टर, शिक्षक बनना चाहते हैं। बच्ची एयर होस्टेज बनना चाहती है। सबकी आंखों में सपने हैं। भगवान वाल्मीकि के प्रकटोत्सव को मनाने का इससे अच्छा तरीका और क्या हो सकता था। भगवान वाल्मीकि मुझे लगता है इस ब्रह्मांड में जितने इस पृथ्वी के उपर प्राणी पैदा हुए हैं, उनमें से सबसे ज्यादा ज्ञानी महर्षि वाल्मीकि थे।
भगवान वाल्मीकि के प्रसंगों का किया गया मंचन
समारोह की शुरूआत भगवान वाल्मीकि के प्रसंगों के मंचन से किया गया। भगवान वाल्मीकि के जीवन पर आधारित नृत्य का पेश किया गया। इस मंचन के जरिए भगवान वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण के बारे में बताया गया। साथ ही वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता को भी दर्शाया गया। पूरे आयोजन के दौरान स्टेडियम जय भीम के नारे से गूंजता रहा।
त्योहारों पर दी शुभकामना
अरविंद केजरीवाल ने सभी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों का समय है। दीपावली और धनतेर समेत कई त्योहार आने वाले हैं। हम सब लोगों ने बड़ी मुश्किल से कोरोना पर काबू पाया है। आप सभी लोग धूमधाम से त्योहार मनाना, लेकिन बड़ी सावधानी के साथ त्योहार मनाना।
इन 22 छात्रों को मिला सम्मन
आशीष ने 94.2 फीसद, आकांक्षा ने 92.2 फीसद, अंशु ने 91, आर्ची ने 95, आस्था ने 91.4, भावना ने 92.6, दीपिका ने 93.4, देवराज चौहान ने 92.4, धनजीव कुमार ने 91.2, हर्ष सूद ने 93, इशिका डागर ने 92.4, खुशी ने 93.2, कृतिका ने 95, कुनाल ने 94.2, मीनाक्षी ने 90, राधिका ने 91, रिया ने 94.8, सेजल ने 91.4, सीनिश ने 93.5, शिवानी ने 91.8, सिमरन ने 91.8,उन्नति ने 94.2 और विशाखा ने 12वीं में 94.6 फीसद अंक हासिल हैं।