लावारिस कुत्तों की समस्या से परेशान दिल्लीवालों को राहत देने के लिए वसंत कुंज में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत कुत्तों की नसबंदी केंद्र-सह-पशु चिकित्सा अस्पताल/डिस्पेंसरी बनेगी। यहां पर लावारिस कुत्तों की नसबंदी और इलाज मुफ्त में किया जाएगा। वहीं अन्य स्रोतों से प्राप्त राजस्व का उपयोग अन्य सेवाओं के लिए किया जाएगा।
केंद्र जुटाएगा राजस्व, पालतू का भी उपचार
राजस्व जुटाने के लिए यह केंद्र पालतू जानवरों का उपचार भी करेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र में लावारिस पशुओं को मुफ्त में सुविधा मिलेगी, जबकि पालतू जानवरों को एक शुल्क का भुगतान करने पर उचित सुविधा दी जाएगी। अधिकारी ने बताया कि केंद्र बनने के बाद दक्षिणी और दक्षिणी-पश्चिमी दिल्ली में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बनाया जाता है नपुंसक
पशु जन्म नियंत्रण (कुत्ता) नियम, 2001 लावारिस पशुओं की जनसंख्या नियंत्रण से संबंधित है। यह जनसंख्या स्थिरीकरण प्राप्त करने के लिए लावारिस जानवरों को मारने के बजाय उन्हें नपुंसक बनाने का प्रावधान करता है। लावारिस पशुओं के बढ़ते खतरे के पीछे इस कानून का अनुचित क्रियान्वयन भी एक प्रमुख कारण के रूप में देखा जाता है।
चलाया जा रहा है अभियान
पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल लावारिस कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के तहत बड़े स्तर पर लावारिस पशुओं से निपटने के लिए योजना बनाने की कोशिश की जा रही है। इसे लेकर विजय गोयल ने उपराज्यपाल से मुलाकात की थी। वहीं इस अभियान के दौरान हुई बैठक में कुत्ता प्रेमियों और अभियान के समर्थकों में हाथापाई तक हो गई थी।
कुत्ता काटे तो यह करें...
घाव को सबसे पहले धो लें, हल्के साबुन का प्रयोग करें और उस पर पांच से 10 मिनट के लिए गर्म नल का पानी चलाएं। साफ कपड़े से रक्तस्राव राेकने का प्रयास करेें। घाव पर पट्टी बांध दें और तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।