मुंडका में जली इमारत के अवशेष।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। मुंडका अग्निकांड मामले में गिरफ्तार किए गए किए इमारत मालिक मनीष लाकड़ा को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस अग्निकांड वाली इमारत के दस्तावेज प्राप्त करने का प्रयास कर रही है। वहीं, पुलिस को मनीष और उसके परिवार की कई संपत्तियों का पता चला है। इनमें एक संपत्ति विदेश में भी बताई जा रही है। मामले की छानबीन के दौरान पुलिस व एफएसएल की टीम ने अब तक कुल 26 लोगों के डीएनए सैंपल इकट्ठा कर लिए। एक शव का डीएनए सैंपल नहीं लिया जा सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को इस प्रक्रिया को भी पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार दोपहर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम भी घटना स्थल पहुंची। दमकल विभाग के अधिकारी भी जांच के लिए वहां पहुंचे।
जांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार शाम जब इमारत में आग लगी थी तो उस समय मनीष लाकड़ा अपने परिवार के साथ वहां बैठकर चाय पी रहा था। आग लगते ही वह बराबर वाली बिल्डिंग से कूदकर परिवार के साथ फरार हो गया। मनीष की मां सुशीला और पत्नी सुनीता कहां है, आरोपी से पूछताछ उनका भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मनीष के मकान की तलाशी के दौरान रविवार को टीम को भारी मात्रा में सोने के जेवरात मिले हैं। इसके अलावा दिल्ली व एक विदेशी प्रॉपर्टी का भी पता चला है। पुलिस को हादसे वाली इमारत के दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने हादसे के बाद हरियाणा में अपना मोबाइल तोड़कर फेंक दिया था। पुलिस उसे भी बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मनीष के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई है।
करीबियों पर भी हो सकती है कार्रवाई
रविवार को पुलिस ने चौथी मंजिल पर लगे डीवीआर को भी अपने कब्जे में लिया था। अधिकारी ने बताया कि हादसे वाली इमारत में मिलीभगत से सब कुछ चल रहा था। उन अधिकारियों व मनीष के करीबियों का भी पता किया जा रहा है। आपराधिक षड्यंत्र में इनको भी शामिल किया जा सकता है।