नई दिल्ली। दिल्ली में तीनों नगर निगमों के अतिक्रमण हटाओ अभियान पर विधायकों संग बैठक में मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा 63 लाख लोगों के घरों और दुकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी में है। यह आजाद भारत का सबसे बड़ा विध्वंस होगा। दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में 50 लाख जबकि झुग्गियों में 10 लाख लोग रहते हैं। इसके अलावा करीब तीन लाख प्रॉपर्टी की लिस्ट बनाई गई, जिनमें नक्शे के इतर बालकनी, कमरा जैसे अतिक्रमण को तोड़ा जाएगा। इस तरह करीब 63 लाख लोगों के घर पर बुलडोजर चलेंगे। मैं समझता हूं कि यह आजाद भारत का सबसे बड़ा विध्वंस होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित निगम क्षेत्रों में जिस घरों-दुकानों पर कार्रवाई की जा रही है, वह सही नहीं है। विधायकों से कहा कि आपको जेल भी जाना पड़े तो डरना मत, जनता के साथ खड़ा रहना है। इस तरह से बुलडोजर चलाना, दादागिरी और अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल है।
बैठक के बाद डिजिटल प्रेसवार्ता में केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से हम देख रहे हैं कि दिल्ली के अंदर भाजपा शासित नगर निगमों की तरफ से कई जगह बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि पूरी दिल्ली से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाएं जाएंगे। हम खुद चाहते हैं कि अतिक्रमण न हो या अवैध इमारतें ने बनें। पिछले 75 साल में योजनाबद्ध तरीके से दिल्ली नहीं बनी है। ऐसे में 80 फीसदी से अधिक दिल्ली अतिक्रमण के दायरे में आएगी। तो क्या पूरी दिल्ली को तहस-नहस कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों से न कोई कागज मांगे जा रहे हैं और न कोई मौका दिया जा रहा है। नगर निगम का दस्ता बुलडोजर लेकर बस किसी भी कॉलोनी में पहुंच जाता है और घर-दुकान तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। 40-40 साल से रहने वालों के दस्तावेज देखने को कोई तैयार नहीं, केवल बुलडोजर चलाया जा रहा है।
15 साल में अवैध अतिक्रमण, बनी इमारतें
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कहा था कि कच्ची कॉलोनियों के लोगों को मालिकाना हक दिलाया जाएगा। चुनाव से पहले इन लोगों ने कहा था कि जहां-झुग्गी, वहीं मकान बना कर दिया जाएगा। अब इन्हें तोड़ने के लिए आ गए। 15 साल से दिल्ली नगर निगम में भाजपा का राज रहा, इन्होंने क्या किया। अवैध अतिक्रमण व इमारतें बनवाईं। अब इनका कार्यकाल 18 मई को पूरा हो जाएगा। सिर्फ दो दिन ही बचे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार एमसीडी के चुनाव करवाएं और नई एमसीडी को निर्णय लेने दें।
झुग्गीवालों के लिए बन रहे हैं मकान
केजरीवाल ने कहा कि झुग्गी वालों के लिए मकान बनाए जा रहे हैं, इसमें थोड़ा वक्त लग रहा है, लेकिन हम उन्हें इज्जत की जिंदगी देंगे। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली जानती है कि चुनाव के बाद नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। हम दिल्ली के लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि अतिक्रमण और अवैध रूप से बनी दिल्ली की हर समस्या का समाधान करेंगे। कच्ची कॉलोनियों को साफ-सुथरा बनाकर नियमित कर लोगों को मालिकाना हक दिलवाएंगे। किसी ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा है और इससे बांधा पहुंच रही है तो लोगों को मौका देकर इसे हटाने के लिए कहा जाएगा। लोग हटाते भी हैं और पहले कई बार ऐसे प्रयास किए गए हैं। फिर बुलडोजर क्यों चला रहे हैं। जैसे शिक्षा और स्वास्थ्य में बेहतर काम किया है, वैसे ही अतिक्रमण को भी ठीक करेंगे।