उत्तरी दिल्ली के कोतवाली इलाके में सोमवार शाम पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल से मोबाइल झपटने की गुत्थी को पुलिस ने चंद ही घंटों बाद सुलझा लिया। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों साजन और मोबाइल के रिसीवर मोहम्मद आसिफ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के बाद आरोपी साजन की पहचान की। बाद में देर रात उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने खुलासा किया कि उसने मोबाइल जामा मस्जिद इलाके में आसिफ को 2200 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने आसिफ के पास से मोबाइल बरामद कर लिया है। आसिफ मूलरूप से मुरादाबाद के गांव सुल्तानपुर मुंडा का रहने वाला है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6.45 बजे पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के पीएसओ एएसआई सत्यवीर ने गोयल का मोबाइल झपटे जाने की सूचना दी थी। सत्यवीर ने बताया कि विजय गोयल अपनी कार से दरियागंज से लालकिले की ओर जा रहे थे। सुभाष मार्ग के पास कार की रफ्तार धीमी थी। वह खिड़की के पास बैठकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। अचानक एक युवक ने उनका मोबाइल झपटा और पैदल ही फरार हो गया। कई टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
लालकिला पुलिस चौकी इंचार्ज पुष्पेंद्र व अन्य की टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। करीब 100 कैमरों की पड़ताल के बाद आरोपी का सुराग मिला।
वारदात के चंद ही घंटों बाद पुलिस ने आरोपी साजन को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जामा मस्जिद इलाके से आसिफ को पकड़ लिया। बताया जाता है कि वारदात के समय पहने हुए कपड़े साजन ने बदल लिए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।