इस पर भी बच्चों के क्रॉस फोटो भेजने के अलावा 24 दिसंबर को बच्चों को मारने की धमकी दी गई। कारोबारी की पत्नी ने भी फोन काटकर नंबर को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद पत्नी ने कारोबारी को सूचना दी। बाद में कारोबारी ने अपने दोस्त के मोबाइल से आरोपियों को कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा। बाद में आरोपियों ने खुद ही कॉल कर पीड़ित से बच्चों के बदले 30 लाख की डिमांड की।
कारोबारी ने अपने दोस्त के कहने पर आनंद विहार थाना पुलिस को खबर दी। जिसके बाद फौरन विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई। लोकल पुलिस के अलावा अपराध शाखा के इंस्पेक्टर अरुण सिंधु, केके शर्मा व अन्यों की टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया। आरोपियों की लीड मिलने पर गुरुग्राम, गाजियाबाद, नोएडा व यमुनापार में छापेमारी की गई।
पुलिस ने विष्णु को दादरी, गौतमबुद्ध नगर और दुर्गा को न्यू अशोक नगर दिल्ली से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रुपये मांगने की बात कबूल की। विष्णु ने बताया कि वह पूर्वी दिल्ली के कई कारोबारियों के बच्चों को डांस सिखाता है। आरोपी को लगता था कि पीड़ित कारोबारी डरकर रुपये दे देगा। इसलिए उसने रुपये मांगने की योजना बनाई। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।