नई दिल्ली। रोहिणी जेल के आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से कूदकर सीआरपीएफ के जवान ने खुदकुशी कर ली। छलांग लगाने से पहले जनाव ने अपने हाथों की नस भी काट ली थी। घटना सोमवार शाम की है। जवान के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिवार वालों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के अनुसार मृतक जवान की शिनाख्त मूलत: जबलपुर निवासी मुकेश के रूप में हुई है। वह सीआरपीएफ 89वीं बटालियन में बतौर सिपाही कार्यरत थे। पिछले काफी समय से वह रोहिणी के गेट संख्या दो पर तैनात थे। मुकेश आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल पर अपने हाथों की नस काटकर नीचे छलांग लगा दी। खून से लथपथ हालत में लोगों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिलने से खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।