नई दिल्ली। विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश कर एक आरोपी को 31 दिसंबर को लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान यूपी के मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के गांव दूल्हापुर निवासी मो. मोहसिन के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि गैंग अब तक 200 से अधिक नौजवानों से करोड़ों की ठगी कर चुका है। गैंग का दूसरा फरार सरगना मोहम्मद फरहाद उर्फ विशाल चौधरी यूपी के सहारनपुर के गांव सांपला से सपा के टिकट पर जिला पंचायत का चुनाव लड़ चुका है। पुलिस की कई टीमें आरोपी फरहाद व गैंग के बाकी आरोपियों की तलाश कर रही हैं। पुलिस ने 101 पासपोर्ट, 51 फर्जी वीजा, 133 फर्जी मेडिकल और इंश्योरेंस के कागजात, तीन लैपटॉप व अन्य सामान बरामद किया है। रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि लक्ष्मी नगर थाना पुलिस को एच-30 स्थित 201 नंबर में ‘फोकस ट्रैवल’ नाम के कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियां चलने का पता चला। टीम ने करीब 15 दिन तक गुपचुप तरीके से छानबीन की। पता चला कि दफ्तर में देशभर के बेरोजगार नौजवानों को विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा देकर ठगा जा रहा है। कार्यालय का संचालन परवेज अहमद और विशाल चौधरी नामक शख्स कर रहे हैं। दो-तीन दिन से लगातार ऑफिस में ताला लगा था। वहां पर कुछ नौजवानों की भीड़ थी। एसआई विजय दत्त, आनंद प्रताप व अन्य की टीम वहां पहुंची तो मौके पर अजमेर निवासी माधव लाल व पांच अन्य मिले। इन लोगों ने बताया कि न्यूजीलैंड, कुवैत और खाड़ी देशों में भेजने के नाम पर उनसे 22-22 हजार रुपये ले लिए गए थे। इसके बाद उनको फर्जी वीजा थमा दिया गया। लक्ष्मी नगर थाने में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई। आरोपी विशाल और परवेज की लोकेशन ट्रेस की गई तो वह बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। काफी प्रयासों के बाद पुलिस की टीम आरोपी परवेज की लोकेशन ट्रेस कर पाई।
नाम बदलकर कबूतरबाजी
टीम ने 31 दिसंबर को आरोपी परवेज अहमद को लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में परवेज ने बताया कि उसका असली नाम परवेज नहीं मो. मोहसिन है। वहीं दूसरा आरोपी भी विशाल चौधरी न होकर मो. फरहाद है। दोनों अपने-अपने नाम बदलकर कबूतरबाजी का धंधा कर रहे थे। देशभर के अलग-अलग हिस्सों में इनके एजेंट फैले हुए हैं। यह विदेश जाने वाले युवकों को इनके पास भेजते थे। यह लोग उनसे 22 हजार रुपये से 50 हजार तक लेकर फर्जी वीजा दे लेते थे। दूसरा आरोपी फरहाद अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
फरार आरोपी सपा नेता, लड़ चुका है पंचायत चुनाव
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फरार आरोपी फरहाद उर्फ विशाल चौधरी सपा नेता है। वर्ष 2021 में आरोपी ने सहारनपुर के गांव सांपला से जिला पंचायत का चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गया था। गांव और उसके आसपास के इलाकों में उसके ईद व गणतंत्र दिवस के बधाई के पोस्टर लगे हुए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी मोहसिन ने बताया कि इन लोगों ने तीन माह से लक्ष्मी नगर में ऑफिस खोला हुआ था।