अपराध से अर्जित चल और अचल संपत्तियों की जांच चल रही
नई दिल्ली। नरेला थाना पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) मामले में वांछित बदमाश बांकनेर गांव निवासी प्रदीप उर्फ अनिल उर्फ सलामुद्दीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुकेश उर्फ पुनीत के गैंग का सक्रिय बदमाश था और सरगना का करीबी था। पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कसते हुए 80 लाख रुपये और एसयूवी जब्त की है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि यह कार्रवाई वर्ष 2020 में नरेला थाने में दर्ज मकोका के मामले में की गई है। इसमें अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 17 नवंबर को नरेला थाने की पुलिस ने एक सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के अपराध से अर्जित चल और अचल संपत्तियों की जांच करने के साथ उसकी बरामदगी की जा रही है, जिसमें दिल्ली के गांव बांकनेर और गाजियाबाद के लोनी में स्थित संपत्तियों की वित्तीय जांच की जा रही है। अदालत ने उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी पर हत्या, हत्या का प्रयास, शस्त्र अधिनियम, लूट और झपटमारी के 13 मामले दर्ज हैं। ब्यूरो
लूट और मकोका में घोषित बदमाश गिरफ्तार
नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस ने लूट और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के दो मामलों में वांछित घोषित बदमाश पी. चंद्रू को गिरफ्तार किया है। मदनगीर के रहने वाले आरोपी को पुलिस ने दशरथपुरी के महावीर एन्क्लेव के पास से पकड़ा है। पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि विशेष स्टाफ को सूचना मिली थी कि आरोपी महावीर एन्क्लेव के पास आने वाला है। इसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी की और मुखबिर की पहचान पर उसे पकड़ लिया। चंद्रू के खिलाफ वर्ष 2020 में अंबेडकर नगर थाने में लूट और मकोका के दो मामले दर्ज हुए थे। लूट के मामले में अदालत ने 21 जनवरी 2022 को और मकोका के मामले में 4 दिसंबर 2024 को उसे घोषित बदमाश करार दिया। पुलिस जांच में उसके खिलाफ 14 अन्य आपराधिक मामलों का भी पता चला है। संवाद