पटेल नगर इलाके में बलजीत नगर की भाजपा पार्षद श्याम बाला को धमकी मिली है। एक शख्स ने खुद को पत्रकार बताते हुए धमकी दी है। धमकी भरे कॉल और मैसेज मिलने के बाद महिला पार्षद ने पटेल नगर थाने में शिकायत की है।
पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि किसी ने खुद को निजी न्यूज चैनल का पत्रकार बताते हुए उन्हें फोन किया था। कथित पत्रकार ने अपने एक रिश्तेदार के यहां पानी की समस्या दूर करने के लिए कहा था। लेकिन पार्षद ने फोन काट दिया।
आरोप है कि उसके बाद आरोपी ने पार्षद के फोन पर कई बार फोन किया और मैसेज कर धमकी दी। श्याम बाला ने इसकी शिकायत पटेल नगर थाना पुलिस से की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। पूछताछ के बाद ही सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।