हादसे के दौरान मौके पर जुटे ग्रामीण
- फोटो : ballia
थाना क्षेत्र के मधुबनी तालिमपुर मार्ग पर मधुबनी स्थित बुढ़वा शिव मंदिर स्थान के पास प्राचीन बरगद का पेड़ गुरुवार को दोपहर अचानक सड़क व मंदिर पर गिर पड़ा। इस दौरान पेड़ की छाया में आराम कर रहे आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक मजदूर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के मधुबनी तालिमपुर मार्ग पर मधुबनी स्थित बुढ़वा शिव मंदिर स्थान के पास बरसो पुराना बरगद का पेड़ गुरुवार के दिन दोपहर अचानक हुए इस हादसे से लोग भौचक रह गए। हादसे में पेड़ की वजनी टहनी में दबकर मधुवनी गांव निवासी देवी लाल मौर्या (60), संतोष यादव (35), केदार वर्मा (55), ध्रुप यादव (40), वीरेंद्र मौर्य(42), रमेश कुमार मौर्य (45), भुवाली यादव (55), हरे राम (40), विपिन मौर्य (65) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को पहले सोनबरसा फिर जिला अस्पताल लाया गया, जहां देवी लाल मौर्या (60) की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर मौत की खबर सुन देवीलाल के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी लेते हुए घायलों के बारे में जानकारी हासिल की।
उधर, पेड़ गिर जाने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जबकि पेड़ की जद में आने से बिजली का तार भी टूटकर गिर गया। आनन-फानन में विभाग को फोन कर आपूर्ति बंद कराई गई। इसे लेकर पूरे इलाके में हड़कंप और अफरा तफरी का माहौल रहा। मार्ग पर जाम लग जाने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने किसी तरह वाहनों को व्यवस्थित कर जाम खुलवाया। लेकिन फिर भी यातायात सामान्य होने में घंटों लग गए। इस दौरान लोगों को परेशानी हुई। धूप से महिलाएं आैर बच्चे दिक्कत में रहे।