दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में मौजूद छह आतंकियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान में आतंकी ट्रेनिंग लेने वाले ओसामा का पिता उसैदुर रहमान इस मॉड्यूल का मास्टरमाइंड है। ओसामा ने बताया कि उसके पिता दुबई में हैं और मदरसा चलाते हैं। दिल्ली पुलिस ने उसैदुर और चाचा हुमैद के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने के लिए सीबीआई को पत्र लिखा है।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ ऐसे चैट मिले हैं, जिनके आधार पर उसैदुर को मास्टरमाइंड कहा जा सकता है। ये भी आशंका है कि हुमैद भारत छोड़कर फरार न हो जाए। इसलिए उसके खिलाफ एलओसी खोली गई है।
स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों के अनुसार ओसामा का चाचा भी इस मॉड्यूल का बेहद महत्वपूर्ण सदस्य है। उसे भी संदिग्धों से जुड़े कई काम सौंपे गए थे। उस पर ही गिरफ्तार जीशान को रेडिकलाइज कर पाकिस्तान में ट्रेनिंग दिलाने के लिए भेजने का आरोप है। प्रयागराज के रहने वाले हुमैद की तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह छापा मार रही हैं।