डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस ने बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ करने वाले सिरफिरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी अब तक आठ बच्चियों के साथ छेड़छाड़ कर चुका है। अभी वह जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ था। आरोपी ने डिफेंस कॉलोनी में 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी के मोबाइल से 70 से ज्यादा अश्लील वीडियो मिले हैं।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार सिरफिरे की पहचान जनरल मार्केट, पहाड़गंज निवासी यश कुमार (27) के रूप में हुई है। आरोपी शादीशुदा है और उसकी खुद की पांच वर्ष की बच्ची है। यश इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। काम के दौरान ही वह मासूम बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करता था। आरोपी ने 22 नवंबर को डिफेंस कॉलोनी इलाके में पांचवीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी।
पेडोफीलिया बीमारी से पीड़ित है मनोचिकित्सक व जानकारों को कहना है कि अगर कोई आरोपी बच्चियों के साथ बार-बार इस तरह की वारदात करता है तो वह पेडोफिलिया नामक बीमारी से पीड़ित होता है। इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति किशोरी व बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करता हैं।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह जब भी छोटी बच्चियों को देखता था, तो उसके मन में बच्चियों को लेकर गलत भावना आने लगती थी।