डंपर ने युवक को कुचला, मौके पर मौत
- मंडावली इलाके की घटना, हादसे के बाद चालक ने मौके से फरार होने का किया प्रयास
- राहगीरों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंडावली इलाके में बृहस्पतिवार शाम बेलगाम डंपर ने राहगीर को कुचल दिया। हादसे में अमित गुप्ता (29) बुरी तरह जख्मी हो गया। गंभीर हालत में उसे एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन राहगीरों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने डंपर कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक अमित परिवार के साथ मंडावली इलाके में रहता था। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे वह घर से किसी काम से बाहर निकला था। इस बीच मदर डेयरी के पास अंबेडकर पार्क के पास वह लाल बत्ती पर बस का इंतजार कर रहा था। बस आती देखकर वह सड़क पर आ गया। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने अमित को कुचल दिया। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पीसीआर ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।