जेल से आकर ताबड़तोड़
सेंधमारी करने वाला धरा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नजफगढ़ थाना पुलिस ने जेल से निकलने के बाद सेंधमारी की ताबड़तोड़ वारदात करने वाले बदमाश जय विहार निवासी संजय (27) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब पांच लाख के जेवर, वारदात में इस्तेमाल बाइक व अन्य सामान बरामद हुआ है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि नजफगढ़ इलाके में लगातार सेंधमारी के बाद पुलिस ने कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। पुलिस को पता चला कि वारदात में जय विहार निवासी संजय शामिल है। थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संजय को दबोचा और उसकी निशानदेही पर पांच लाख कीमत के जेवर, दो मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद किए। बदमाश ने बताया कि निहाल विहार के एक मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। जनवरी 2018 में जेल से निकलने के बाद वह शहजाद के साथ मिलकर निहाल विहार, मोहन गार्डन, नजफगढ़ और आसपास के इलाके में चोरी करने लगा। पुलिस ने बताया कि संजय को एक परिवार ने अनाथ आश्रम से गोद लिया था। 5वीं तक पढ़ाई के बाद वह छोटी-मोटी चोरियां करने लगा। उस पर पहले से 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।