नोएडा और उत्तराखंड के चमौली के ध्यानार्थ
पूर्व सांसद जावेद अख्तर की कोठी में चोरी करने वाला दबोचा
कोर्ट ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया था
नोएडा में कारोबारी के घर कुक की नौकरी कर रहा था
पुरुषोत्तम वर्मा
नई दिल्ली। नई दिल्ली जिले की मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने पूर्व राज्यसभा सांसद जावेद अख्तर की कोठी में चोरी करने वाले को दबोच लिया है। आरोपी कोठी में कुक था। उसने दो साथियों के साथ लैपटॉप, कंप्यूटर व अन्य सामान चुरा लिया था। लैपटॉप में महत्वपूर्ण दस्तावेज व गजलें थीं। कोर्ट ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। आरोपी नोएडा में एक कारोबारी के घर में कुक की नौकरी कर रहा था। आरोपी वहां छिपकर रह रहा था।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूर्व राज्यसभा सांसद 7, लोदी एस्टेट में रहते थे। उनकी कोठी में विक्रम सिंह कुक था। आरोपी विक्रम ने कोठी में दो साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2013 में हाथ साफ कर दिया था। आरोपी जावेद अख्तर का लैपटॉप, कंप्यूटर व अन्य सामान लेकर गायब हो गया था। तुगलक रोड थाना पुलिस ने आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया था और उसके कब्जे से सामान बरामद कर लिया था। जमानत मिलने के बाद आरोपी कभी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इसके बाद कोर्ट ने आरोपी गांव भूरा, तहसील घाट, जिला चमौली (उत्तराखंड) निवासी विक्रम को भगोड़ा घोषित कर दिया था। मंदिर मार्ग थाने में तैनात एसआई जयसिंह की टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। टीम ने आरोपी विक्रम को रविवार को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया।