सेंधमारी करने वाले तीन बदमाश और एक खरीदार गिरफ्तार
- हजारों किलो प्लास्टिक दाना और टैंपो बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नांगलोई थाना पुलिस ने सेंधमारी करने वाले तीन बदमाशों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से सेंधमारी के चार मामले सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 2680 किलो प्लास्टिक दाना और एक टैंपो बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाशों की पहचान नांगलोई निवासी रमेश, संजीत कुमार और भिंड एमपी निवासी मनीष के रूप में हुई है, जबकि खरीदार की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। 3 दिसंबर को मुंडका इलाके में प्लास्टिक दाने के गोदाम में चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर थाना प्रभारी विशुदानंद झा के नेतृत्व में जांच शुरू की। पुलिस ने कई सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। पुलिस को सूचना मिली कि सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा टैंपो टीकरी बार्डर की ओर से आ रहा है। नांगलोई इलाके में पुलिस ने टैंपो रोककर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि बदमाशों ने टैंपो को आनंद पर्वत इलाके से चुराया था और उसकी नंबर प्लेट बदलकर चला रहे थे। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर कबाड़ी का काम करने वाले नांगलोई निवासी खरीदार राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से प्लास्टिक दाना बरामद कर लिया है।