सुभाष प्लेस इलाके में एक बदमाश ने नशे के लिए 15 हजार रुपये नहीं देने पर एक युवक को अगवा कर लिया और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। एक बदमाश युवक की स्कूटी लेकर फरार हो गया। बदमाशों के चंगुल से निकलकर युवक थाने पहुंचा और पुलिस से शिकायत की। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मी पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। पुलिस ने बदमाश और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया।
शकूरपुर इलाके में रहने वाला अभिषेक पेशे से हेयर ड्रेसर है। मंगलवार रात खाना खाने के बाद स्कूटी से पीतमपुरा इलाके में गया था। वहां उसकी मुलाकात शकूरपुर में रहने वाले सूरज और सुजल से हुई। उन्होंने अभिषेक से कहा कि भाई पार्क में बुला रहे हैं। वहां शकूरपुर का रहने वाला कृष्णमूर्ति उर्फ विक्की मद्रासी खड़ा था। उसके इशारे पर सूरज और सूजल ने उसकी पिटाई कर दी।
मद्रासी ने उसकी जेब से स्कूटी की चाबी निकाल कर सूरज को दे दी। इसके बाद मद्रासी ने उसे बुलेट पर जबरदस्ती बिठा लिया। जबकि सूरज उसकी स्कूटी लेकर पीछे-पीछे आ रहा था। एक जगह पर ले जाकर उन लोगों ने अभिषेक की लात घूसों से पिटाई की और नशा खरीदने के लिए पन्द्रह हजार रुपये लेकर आने के लिए कहा। बदमाशों ने उसकी स्कूटी को अपने कब्जे में कर लिया।
अभिषेक की आपबीती सुनने के बाद पुलिस टीम बदमाश के ठिकाने पर पहुंची। पुलिस को देखते ही सूजल फरार हो गया। जबकि मद्रासी पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की करने लगा। पुलिस ने उसे और सूरज को कब्जे में कर लिया। इस दौरान बदमाशों ने दीवार पर अपना सिर मारकर पुलिसकर्मियों को फंसाने की भी धमकी दी।
रंजिश में युवक की पीटकर हत्या
आंबेडकर नगर में रंजिश में बुधवार को बदमाशों ने एक युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर बुधवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। युवक निशांत की मौत के बाद अब एफआईआर में हत्या की धारा जोड़ दी गई है।
दक्षिण जिला डीसीपी बेनीटा मेरी जैकर ने बताया कि तीन व चार मई की रात सिपाही संदीप ने गश्त के दौरान देखा कि चार आरोपी शशांक बरवा उर्फ गोलू उर्फ नाटा (28), रोहित (20), फरमान(26) और रोहित उर्फ दीपक (20) एक युवक को पीट रहे थे। सिपाही संदीप ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन सभी फरार हो गए। पुलिस ने घायल निशांत उर्फ भांजा को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्जकर चारों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपी मदनगीर के रहने वाले हैं। इनमें से एक आरोपी इलाके का घोषित बदमाश है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पहले से मामले दर्ज हैं।