महेंद्र पार्क में भी रंजिश में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दहशत मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी विष्णु के दो साथियों को पकड़ लिया। एक नाबालिग है, दूसरे की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है। पुलिस मुख्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मृत युवक की पहचान जहांगीरपुरी निवासी संतोष (20) के रूप में हुई है। पुलिस को रविवार रात साढ़े आठ बजे जहांगीरपुरी के आई ब्लॉक में एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची को पता चला कि घायल युवक को पेट में चाकू घोेंपा गया है और स्थानीय लोग उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले गए हैं जहां पहुंचने पर पता चला कि घायल संतोष को मृत घोषित कर दिया गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। लोगों से पूछताछ में पता चला कि संतोष का विष्णु नाम के युवक से विवाद चल रहा था। कई बार उनके बीच मारपीट भी हुई थी। स्पेशल स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर देर रात विष्णु के दो साथियों को पकड़ लिया, जिसमें एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान जे ब्लॉक निवासी रवि चौहान के रूप में हुई है। आरोपियों ने बताया कि विष्णु संतोष से बदला लेना चाहता था।
तिलक नगर में 87 साल की बुजुर्ग महिला का यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की बेटी का आरोप है कि घर में घुसकर एक बदमाश ने चोरी की और जब बुजुर्ग महिला ने विरोध किया, तो बदमाश मारपीट के बाद दुष्कर्म कर फरार हो गया। आरोप है कि पुलिस को सारी बात बताने के बावजूद सिर्फ चोरी का मामला दर्ज किया गया। पीड़िता के परिचितों ने सोशल मीडिया पर घटना का जिक्र करते हुए दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया, तब पुलिस हरकत में आई और पीड़िता का मेडिकल करवाने के बाद दुष्कर्म की धारा जोड़कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है।
पीड़िता अपनी बेटी के साथ तिलक नगर में रहती हैं। बुजुर्ग महिला की तबियत खराब रहती है। रविवार दोपहर उनकी बेटी बाजार गई थी। वापस आने पर देखा कि कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और मां के मुंह से खून निकल रहा था। कमरे में रखा मोबाइल भी गायब था। मां ने बताया कि एक अनजान युवक आया था, जो घर में चोरी करने लगा। जब उसने विरोध किया तो मारपीट कर दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी मोबाइल लेकर फरार हो गया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाया सवाल : पीड़िता के शिकायत करने के बावजूद मेडिकल नहीं करवाने पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। लोगों ने कहा कि बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म की बात पर पुलिस को इस तरह का रवैया नहीं अपनाना चाहिए। पुलिस को सबसे पहले मेडिकल करवाना चाहिए था। सोमवार को पुलिस महिला को मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल ले जाना चाहती थी लेकिन उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए लोगों ने घर पर ही उनका मेडिकल करवाने के लिए कहा। काफी दबाव पर पुलिस घर पर मेडिकल करवाने को राजी हुई।
सूत्रों का कहना है कि पीड़िता के घर के पास एक शख्स चूल्हा ठीक करने का काम करता था। वह घटना के बाद से गायब है। आशंका है कि वही घर में घुसा होगा।