Covid care center of Khel village will start today
नई दिल्ली। दिल्ली के खेल गांव के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बनाया गया कोविड केयर सेंटर बुधवार से शुरू हो जाएगा। 500 बेड वाला यह सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। साथ ही अगर मरीज की स्थिति गंभीर होती है, तो उसे एलएनजेपी अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। इसी कड़ी में मंगलवार को कोविड केयर सेंटर की तैयारियों का उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जायजा लिया। उनके साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे।
मनीष सिसोदिया ने बताया कि सेंटर में मामूली लक्षण वाले मरीजों की भी देखभाल करने की सुविधा है। यहां 80 चिकित्सकों व 110 नर्सों को तैनात किया गया है। इस सेंटर को तकरीबन तैयार कर लिया गया है। यहां सामान्य के साथ ऑक्सीजन युक्त बेड भी हैं। कोशिश यह रहेगी कि लोगों को यहीं से ठीक करके वापस घर भेज दिया जाए। फिर भी अगर किसी की तबियत बिगड़ती है तो उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
उधर, अधिकारियों का कहना है कि बुधवार से कोविड केयर सेंटर में मरीज भर्ती किए जाने लगेंगे। यहां पर ज्यादा दबाव पूर्वी दिल्ली के मरीजों का होगा। खासतौर से उन मरीजों को इससे सहूलियत होगी, जिनके घर पर रहने की सुविधा नहीं है।