नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने नारायणा गांव के चिंटू पार्क में छठ पूजा करने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया। अदालत ने कहा कि किसी जगह पर कई साल से धार्मिक आयोजन होने का यह मतलब नहीं है कि वहां हर साल इसकी अनुमति दी जाए। पार्क को हरित क्षेत्र के रूप में बनाए रखना जरूरी है। न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की अदालत ने यह आदेश दिया।
याचिकाकर्ता ने 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को ऊषा अर्घ्य के लिए पार्क में एक हजार वर्ग मीटर जगह इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी। उनका कहना था कि यहां पिछले 23 साल से छठ पूजा हो रही है। आयोजन के बाद पार्क को पहले जैसी स्थिति में कर दिया जाएगा। वहीं, डीडीए ने इसका विरोध किया। डीडीए ने कहा कि पार्क में पेड़-पौधे और फूल लगे हैं। यहां आयोजन होने से उनके रखरखाव पर असर पड़ सकता है। अदालत ने कहा कि पार्क आम लोगों के लिए हरित क्षेत्र के रूप में रखा गया है। छठ पूजा के लिए दिल्ली सरकार ने मुनक नहर के पास दूसरी जगह तय की है और वहां जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं। ऐसे में चिंटू पार्क में आयोजन की अनुमति देने का कोई कारण नहीं है। संवाद