देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई बड़े नेता और सेलिब्रेटी भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। लगातार दूसरे दिन गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के तीन लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। देश में गुरुवार को 3.30 लाख कोरोना संक्रमित मरीज मिले। बुधवार को 3.15 लाख मामले सामने आए।
वहीं, दिल्ली में भाजपा सांसद मनोज तिवारी भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। तिवारी ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
मनोज तिवारी ने ट्वीट कर बताया कि मैंने पिछले 2-3 दिन से हल्का फीवर महसूस किया तो गुरुवार को टेस्ट कराया। मेरी कोविड-19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले 2-3 दिनों में जो भी हमसे सम्पर्क में आए हैं वो अपना टेस्ट करा लें। मैं डॉक्टर के सम्पर्क में रहते हुए होम आइसोलेशन में हूं।
राजधानी में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच सक्रिय मरीजों की संख्या 91 हजार के पार पहुंच गई है। यह नवंबर में आई तीसरी लहर के मुकाबले करीब तीन गुना है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 306 लोगों की मौत हुई है।
महामारी की शुरूआत के बाद यह आंकड़ा सबसे अधिक है।इससे कुल मौत की संख्या भी 13 हजार से अधिक हो गई है। बढ़ते मामलों के साथ कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 22 हजार हो गई है। हर दिन 500 से अधिक रेड जोन बन रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को संक्रमण के कुल 26,169 मामले आए, और 19,609 लोग स्वस्थ हुए, दिल्ली में अब कुल मरीजों की संख्या 9,56,348 पहुंच गई है। इसमें से 8,51,537 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण से मृत्युदर कम होकर 1.38 फीसदी हो गई है। वहीं, कुल संक्रमण दर 5.78 फीसदी है।
दिल्ली में इस समय कोरोना के कुल 91,618 सक्रिय मरीज हैं। इसमें से 18,154 अस्पतालों में भर्ती है। होम आईसोलेशन में 46,585 रोगियों उपचार हो रहा है। यानी, करीब 50 फीसदी मरीज घर पर ही इलाज करा रहे हैं। कोविड केंद्रों में भी मरीजों की संख्या बढ़कर 712 हो गई है।
विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 72,208 लोगों की जांच की गई।दिल्ली में एक सप्ताह से जांच कम की जा रही है। पहले जहां प्रतिदिन 1 लाख से ज्यादा टेस्ट हो रहे थे। वहीं, अब दो दिन से 80 हजार से भी कम जांच हो रही है। अब तक 1 करोड़ 65 लाख 26 हजार सैंपल के टेस्ट किए जा चुके हैं।