कोरोना संक्रमण को लेकर दिल्ली महज एक सप्ताह में येलो से रेड अलर्ट पर पहुंच गई है। दैनिक संक्रमण दर भी अब छह फीसदी तक पहुंच गई है। ऐसे में कोरोना संक्रमण की जिलावार स्थिति देखें तो 11 में से चार जिलों में सबसे अधिक संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। स्थिति यह है कि दक्षिणी जिले में सबसे अधिक संक्रमण के मामले मिल रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले एक दिन में अकेले दक्षिणी और दक्षिणी पूर्वी दो जिले में 900 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं दक्षिणी पश्चिमी और पश्चिमी जिले को मिलाकर 800 से अधिक केस दर्ज किए गए हैं।
हालांकि गौर करने वाली बात है कि दिल्ली के उत्तर पूर्वी जिले को सबसे ज्यादा भीड़भाड़ और संकरी गलियों के अलावा घनी आबादी वाला माना जाता है लेकिन यहां सबसे कम संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। पिछले एक दिन में यहां 120 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं।
आंकड़ों के अनुसार दक्षिणी पूर्वी में 492, दक्षिणी में 484, दक्षिण पश्चिम में 460 और पश्चिम जिले में 464 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा मध्य दिल्ली में 388, पूर्वी में 291, नई दिल्ली में 387, उत्तरी दिल्ली में 319, उत्तर पूर्वी में 120 और उत्तर पश्चिम जिले में 449 केस सामने आए हैं। इनके अलावा शाहदरा की बात करें तो यहां 246 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।