नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को करावल नगर जिले में वोटर अधिकार यात्रा निकाली गई। यात्रा मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के संजय चौक, 25 फुटा रोड से वोट चोर गद्दी छोड़ो के नारे के साथ शुरू हुई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में भाजपा की वोट चोरी की साजिश का पर्दाफाश करेगी और गरीब तबके की वोट कटने की कोशिशों को नाकाम बनाएगी।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दावा किया कि जैसे बिहार में राहुल गांधी की पहल से वोट चोरी का षड्यंत्र उजागर हुआ और वोटर अधिकार यात्रा को भारी समर्थन मिला, वैसे ही दिल्ली कांग्रेस भी राजधानी में भाजपा की वोट चोरी राजनीति को बेनकाब करेगी। आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि उसने 11 साल तक दिल्ली वालों को धोखा दिया, जबकि भाजपा झूठे वादों से जनता को ठग रही है। भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वे घोषणाए तो करती हैं, लेकिन जनता की परेशानियों के समाधान में असफल रही हैं। यात्रा का आयोजन कांग्रेस के स्थानीय नेता अली मेहदी ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक हसन अहमद, भीष्म शर्मा, जिला अध्यक्ष आदेश भारद्वाज, राज कुमार जैन, डॉ. पीके मिश्रा, रमेश सब्बरवाल, जगजीवन शर्मा और ईश्वर बागड़ी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।