कांग्रेस विधायक कुलबीर सिंह जीरा से धक्का मुक्की करते लोग।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच रविवार दोपहर सिंघु बॉर्डर पर लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और जीरा से विधायक कुलबीर सिंह जीरा को किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा। मना करने के बाद बावजूद सांसद और विधायक ने जीटीबी स्मारक पर चल रहे किसान संसद में हिस्सा लेने का प्रयास किया तो कुछ युवा किसानों ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर दी। इससे दोनों की पगड़ी भी गिर गई। सांसद की कार के शीशे भी तोडे़ गए। वॉलंटियरों ने किसी तरह नारेबाजी के बीच उन्हें भीड़ से बाहर सुरक्षित निकाला। किसानों का आरोप था कि रवनीत सिंह ने उन्हें खालिस्तानी कहा, जिससे युवा किसान भड़क गए। उधर, सांसद रवनीत का कहना था कि वे बुलाने पर ही किसान संसद में हिस्सा लेने गए थे। किसान संगठनों ने सांसद को बुलाने की बात से इनकार कर दिया।
आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए किसानों ने शनिवार से वहां मौजूद जीटीबी स्मारक पर किसान संसद का आयोजन किया है। वॉलंटियर गुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर रवनीत सिंह और कुलबीर सिंह कुछ अन्य नेताओं के साथ सिंघु बार्डर पहुंचे, लेकिन वहां उनका विरोध हो गया और उन्हें वापस जाने के लिए कह दिया गया। कहा गया कि यह आंदोलन नेताओं का नहीं है, लेकिन सांसद जबरदस्ती करने लगे। विरोध ज्यादा हुआ तो उन्होंने किसानों से कहा कि क्या वे खालिस्तानी हैं, जो उन्हें नहीं आने दे रहे हैं। इस बात पर किसान भड़क गए।
भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रहे गिरदर सिंह गोलू ने बताया कि मनाही के बाद भी सांसद और विधायक वहां पहुंचे तो किसानों ने उनका विरोध किया। हंगामा इतना बढ़ा कि सांसद को बचाने के प्रयास में कई वॉलंटियर भी चोटिल हो गए। हालांकि, किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू से धक्का मुक्की करते लोग।- फोटो : Ashram