संगठन सृजन अभियान के तहत प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को दी जा रही ट्रेनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा, संगठन सृजन अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी के विजन से लैस कर भाजपा के विभाजनकारी और खतरनाक एजेंडे का मुकाबला करने के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है। साथ ही कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में पार्टी के संघर्ष और दृष्टिकोण से अवगत कराना है।
प्रशिक्षण में कांग्रेस के विचार, इतिहास, कार्यक्रमों और भाजपा सरकार के झूठे प्रचार के प्रति जन जागरूकता फैलाने की दिशा में रणनीति बनाई जा रही है। तिलक नगर जिला कांग्रेस कमेटी के सोमवार को आयोजित प्रशिक्षण शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, प्रभारी सुखविंदर सिंह डैनी, अनिल भारद्वाज, धर्मपाल चंदेला, कमलकांत शर्मा, राजेश यादव, सीपी मित्तल और एडवोकेट सुनील कुमार समेत ने भी कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए। देवेंद्र यादव ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर तीन सत्रों में आयोजित हो रहे हैं, जिनमें जिला, ब्लॉक, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस कार्यकर्ता जाति-धर्म की राजनीति के खिलाफ जनहित में काम करें और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।