डूसू चुनाव को लेकर हुई समिति की समीक्षा बैठक
-डीयू अधिकारियों और पुलिस ने साझा किए अनुभव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव समिति की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने की। इस मौके पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। कुलपति ने डूसू चुनाव के सफल आयोजन के लिए डूसू चुनाव समिति और दिल्ली पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि दोनों ओर से सकारात्मक सहयोग से हो पाया।
पिछले डूसू चुनाव के दौरान हुए अनुभवों से बहुत कुछ सीखा। इस बार चुनाव के अनुभव आने वाले चुनाव के सफल आयोजन में काम आएंगे। कुलपति ने पुलिस अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए सम्मानित भी किया। इस बैठक में डूसू के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया, पिछले वर्ष के मुकाबले चार फीसदी अधिक मतदान हुआ है।
मिरांडा हाउस में तो 60 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया। इस बार नोटा को मिले वोटों में भी इजाफा हुआ है। डूसू चुनाव के प्रजाइडिंग ऑफिसर प्रो. राजेश सिंह ने कहा, इस बार ग्रीन एंड क्लीन इलेक्शन मुहिम काफी हद तक सफल हुई है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी नॉर्थ वेस्ट भीष्म सिंह ने कहा, वह पहले छात्र जीवन में और अब अधिकारी के तौर पर पिछले 30 वर्षों डूसू चुनाव को देखते आ रहे हैं। इस बार का चुनाव डीयू एवं दिल्ली पुलिस के बीच काफी अच्छे तालमेल से सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। डीसीपी नॉर्थ राजा बानथिया ने कहा, इनोवेटिव और क्रिएटिव रास्ते निकालने से चुनाव का आयोजन अच्छे से हो पाया। इसके साथ ही वॉल ऑफ डेमोक्रेसी की संख्या बढ़ाने से डिफेसमेंट रोकने में सहायता मिली।