नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने स्कूलों में नौवीं व ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। विद्यार्थियों को मिड टर्म के आधार पर अगली कक्षाओं में प्रमोट किया जाएगा। यह व्यवस्था सभी सरकारी व निजी स्कूलों के लिए लागू होगी। वह निजी स्कूल जो मिड टर्म और वार्षिक परीक्षा पहले आयोजित कर चुके हैं। वह शिक्षा निदेशालय की प्रमोशन पॉलिसी के तहत रिजल्ट जारी कर सकते हैं।
जिन स्कूलों में मिड टर्म परीक्षा नहीं हो पाई या बच्चे किसी कारण परीक्षा नहीं दे पाए। ऐसे में उनके मिड टर्म परीक्षा में दो विषयों के सबसे अच्छे प्रदर्शन के आधार पर बाकी विषयों में अंक दिए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें स्कूलों में छठी से नौवीं तक के दाखिलों और नौवीं व ग्यारहवीं कक्षा में विद्यार्थियों की प्रमोशन पॉलिसी को लेकर फैसला किया गया।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ने एक ऑनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि केजी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को पहले ही नो-डिटेंशन पॉलिसी के तहत अगली कक्षाओं में प्रमोट कर दिया गया था। नौवीं व ग्यारहवीं की परीक्षाओं पर फैसला नहीं हुआ था। बीते 12 अप्रैल को दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। अब कोरोना संक्रमण से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इन परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है।
दिल्ली सरकार के स्कूलों में नौवीं व ग्यारहवीं के विद्यार्थियों का रिजल्ट 22 जून को शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। विद्यार्थियों को रिजल्ट लेने के लिए स्कूल नहीं बुलाएगा। विद्यार्थियों को रिजल्ट व्हाट्सएप और एसएमएस के माध्यम से फोन पर भेज दिया जाएगा।
सिसोदिया ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने सिर्फ एक विषय का मिड टर्म एग्जाम दिया है या किसी भी विषय का मिड टर्म एग्जाम नहीं दिया है और जो विद्यार्थी पास करने योग्य अंक नहीं ला पाए हैं, उन्हें जुलाई में री-असेसमेंट का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए कोई परीक्षा नहीं होगी बल्कि प्रोजेक्ट्स और स्कूल बेस्ड असाइनमेंट के माध्यम से ही उनका री-असेसमेंट किया जाएगा। इस संबंध में निदेशालय की ओर से जल्द ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
छठी से नौवीं कक्षा के लिए आज से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में छठी से नौवीं कक्षा की दाखिला प्रक्रिया शुक्रवार 11 जून से शुरू होगी। बीते साल की तरह ही इस साल भी प्रक्रिया ऑनलाइन ही रहेगी। शुक्रवार से शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर पंजीकरण किया जा सकता है। पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 30 जून है।
इसके बाद पांच जुलाई से पात्रता के आधार पर दाखिले शुरू किए जाएंगे। पहले चरण में आवेदन से चूकने वालों को 23 जुलाई से दुबारा पंजीकरण करने का मौका मिलेगा। यह प्रक्रिया छह अगस्त तक चलेगी।