दिल्ली सरकार के सिविल डिफेंसकर्मी अपने साथियों के साथ लूटपाट करने में लगा हुआ था। दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने सिविल डिफेंसकर्मी व उसके साथियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी वारदात के कुछ घंटे बाद ही पकड़े गए थे। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली गई है। आरोपी सिविल डिफेंसकर्मी जाम नगर, नई दिल्ली स्थित एसडीएम ऑफिस में तैनात था।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी गौरव शर्मा के अनुसार यूआरआई एंक्लेव धौला कुंआ के पास तीन बदमाशों द्वारा मोबाइल फोन लूटने की सूचना 12 फरवरी को मिली थी। इंस्पेक्टर राकेश राणा व एसआई अशोक मौके पर पहुंचे। मौके पर मिले पीड़ित हर्ष नामक युवक ने बताया कि वह यूआरआई एंक्लेव में दोस्त के साथ कुत्ते को घुमा रहा था। तभी जुपिटर स्कूटी पर तीन युवक आए और मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीनकर ले गए।
एसीपी दलीप सिंह की देखरेख में दिल्ली कैंट थानाध्यक्ष राकेश राण व एसआई अशोक कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपी सिविल डिफेंसकर्मी सागरपुर निवासी ललित उर्फ सोनू (27) और करावला नगर निवासी अंकित (28) को 12 फरवरी की शाम को गिरफ्तार कर लिया। रेलवे फाटक बंद होने के कारण आरोपी पुलिस गिरफ्त में आए गए।
इन्होंने अपने तीसरे साथी का नाम लोनी, गाजियाबाद निवासी आशू बताया। एसआई अशोक कुमार की टीम ने आशू को लोनी, गाजियाबाद यूपी से 13 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया। ललित पिछले तीन वर्षों से सिविल डिफेंस में सिपाही था।