सैनिक स्कूल की ‘स्मार्ट नर्सरी’ में अब वतन के रखवालों की पौध तैयार की जाएगी। यहां विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ-साथ स्मार्ट तरीके से एनडीए और सेना में भर्ती होने के तौर-तरीकों से अवगत कराया जाएगा। पढ़ाई इस तरह होगी कि विद्यार्थी आसानी से सेना और एनडीए की तैयारी कर सकेंगे।
दिल्ली सरकार की ओर से झड़ौदा कला में आगामी सत्र 2022-23 से शुरू होने वाला सैनिक स्कूल कहीं न कहीं युवाओं के लिए रोजगार की राह आसान करेगा। यह स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस होगा। दिल्ली सरकार ने बीते साल अपने बजट में इसे शुरू करने की घोषणा की थी। इसके साथ ही 10 स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस भी इस सत्र से शुरू होंगे।
शिक्षा निदेशालय की ओर से इनमें दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 फरवरी से शुरू हो चुकी है। निदेशालय की वेबसाइट www.eduel.nic.in/sose पर 28 फरवरी तक ऑनलाइन फॉर्म लिए जा सकते हैं। इन स्कूलों में केवल 9वीं व 11वीं कक्षा मेें दाखिले लिए जा सकते हैं। 15 से 30 मार्च के बीच एप्टीट्यूड टेस्ट लिया जाएगा। यह स्कूल दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन से मान्यता प्राप्त होंगे और इंटरनेशनल बैकलॉरिएट के सहयोग से शुरू होंगे।
31 हुई संख्या : बीते साल सरकार ने 20 स्पेशलाइज्ड स्कूल ऑफ एक्सीलेंस शुरू किए थे। इस साल 10 और शुरू हो रहे हैं। वहीं, एक सैनिक स्कूल शुरू होने से इनकी संख्या बढ़कर 31 हो गई है।
एक नजर...
- झड़ौदा कला में दिल्ली सरकार इसी सत्र से शुरू करेगी सैनिक स्कूल
- विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ एनडीए और सेना भर्ती की कराई जाएगी तैयारी
- 10 स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस भी इस वर्ष हो रहे हैं शुरू
- 9वीं से 11वीं तक होगी पढ़ाई, आवेदन प्रक्रिया 28 फरवरी को समाप्त