-विधानसभा अध्यक्ष के पत्र लिखने के बाद दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को जारी किया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली के सभी स्कूलों के बच्चे नो योर पीएम प्रदर्शनी देखने विधानसभा जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरक जीवन यात्रा को करीब से समझेंगे। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शिक्षा निदेशालय को पत्र लिखकर स्कूली बच्चों के लिए विधानसभा का प्रदर्शनी टूर आयोजित करने को कहा था। इसके बाद, शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी व निजी स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं।
यह प्रदर्शनी पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित की गई है। 2 अक्तूबर तक हरदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुली है। इस प्रदर्शनी में पीएम मोदी के जीवन, उनकी उपलब्धियों और नेतृत्व की कहानी को पेश किया गया है। पीएम पर बनी लघु फिल्म चलो जीते हैं उनके बचपन और शुरुआती संघर्षों को दिखाती है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, यह प्रदर्शनी छात्रों को देश की प्रगति और विकसित भारत के विजन से जोड़ने का एक अनोखा मौका देगी। वे पीएम मोदी के प्रयासों, उनके नेतृत्व और सेवा के मूल्यों को समझ सकेंगे। यह अनुभव उन्हें भविष्य में देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने विधायकों से भी अपील की है कि वे अपने इलाके के स्कूलों को इस पहल से जोड़ें और स्थानीय लोगों को प्रदर्शनी देखने के लिए प्रोत्साहित करें।