देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और भारत के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने जन्मदिन पर रविवार को काशी पहुंचकर बाबा श्री काशी विश्वनाथ और काशी के कोतवाल श्री काल भैरव के श्रीचरणों में पूजा अर्चना की। सपरिवार जलाभिषेक कर उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और भारत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इसे अपने जीवन का अत्यंत भावपूर्ण और अविस्मरणीय क्षण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी केवल एक प्राचीन नगर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सनातन परंपरा की जीवंत धरोहर है। यहां का प्रत्येक कण शिवमय है और हर वातावरण में भक्ति एवं अध्यात्म का अनुभव होता है। उनके मुताबिक बाबा विश्वनाथ की कृपा और श्री काल भैरव का संरक्षण सदियों से इस पावन नगरी और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का आधार रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप, गंगा तट से मंदिर तक का विस्तृत परिसर और चारों ओर गूंजता हर हर महादेव का उद्घोष श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत अनुभव कराता है। काशी अपनी सनातन चेतना और नव्य भव्यता के साथ पूरी दुनिया को भारतीय सांस्कृतिक विरासत का संदेश दे रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा प्रत्येक श्रद्धालु को सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे और राष्ट्र सेवा, सुशासन तथा लोककल्याण का संकल्प और अधिक मजबूत हो।