नई दिल्ली। कालकाजी थाना पुलिस ने एक हाई प्रोफाइल महिला जालसाज को गिरफ्तार किया है। महिला को जैसे और जिस तरीके से मौका मिलता था वह पीड़ितों को उसी तरीके से ठग लेती थी। वह राजनेताओं के साथ अच्छी जान-पहचान का हवाला देकर ज्यादातर लोगों को सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर ठगती थी। महिला दिल्ली-एनसीआर के लोगों से करीब एक करोड़ रुपये ठग लिए थे। दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक डिग्री होल्डर महिला जालसाज पॉश इलाके वसंतकुंज में रहती थी। दिल्ली पुलिस ने महिला पर 20 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था। कोर्ट ने आरोपी को भगोड़ा घोषित किया हुआ था।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला का नाम वसंतकुंज निवासी रेनू मल्होत्रा उर्फ सीमा मल्होत्रा (46) है। रेनू मल्होत्रा के खिलाफ पानीपत, गुरुग्राम, पहाड़गंज, वसंतकुंज (साउथ), वसंतकुंज (नार्थ) और रानीबाग में ठगी के आठ से मामले दर्ज हैं। उसने पानीपत में 27 लाख, गुरुग्राम में 21 लाख, वसंतकुंज (साउथ) में आठ लाख और रानीबाग में 27 लाख रुपये की ठगी की थी। रानीबाग, दिल्ली में रेनू मल्होत्रा के खिलाफ अश्विनी ऑबराय ने मामला दर्ज कराया था। आरोपी महिला ने अश्विनी को कहा था कि उसकी राजनीति में काफी जान-पहचान है और वह उसे ड्राईफ्रूट्स के सरकारी टेंडर दिला देगी। ड्राईफ्रूट्स के टेंडर दिलवाने के नाम पर महिला जालसाज ने 27 लाख रुपये ठग लिए।
इस मामले में कोई ने इसे भगोड़ा घोषित कर दिया था और दिल्ली पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ज्यादातर पीड़ितों को सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी करती थी। कालकाजी थानाध्यक्ष अतुल कुमार वर्मा की देखरेख में एसआई जितेन्द्र कुंडू की टीम ने रेनू मल्होत्रा को वसंतकुंज स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। कालकाजी थाना पुलिस ने महिला जालसाज को कोर्ट में पेश कर न्याय हिरासत में भेजवा दिया है।