नई दिल्ली। रणहौला इलाके में शादीशुदा महिला के साथ लिव इन में रह रहे युवक की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में महिला का भाई भी शामिल है। करीब एक सप्ताह पूर्व पुलिस को रणहौला इलाके में एक युवक अचेत हालत में मिला था। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृत युवक की पहचान नेत्रपाल के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार नेत्रपाल महिला के भाई के पास काम करता था। महिला शादीशुदा थी और अंबेडकरनगर यूपी में रहती थी। अपने भाई के पास आने-जाने के दौरान उसे नेत्रपाल से प्यार हो गया और दोनों अलवर में एक साथ रहने लगे। वहीं महिला के गायब होने पर उसके भाई ने रणहौला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, खुद भी उसकी तलाश जुटा था। नेत्रपाल भी उसके साथ ढूंढने का नाटक कर रहा था। गत रविवार को किसी ने महिला के भाई को बताया कि नेत्रपाल के साथ उसकी बहन को देखा गया है। आरोपी ने नेत्रपाल को बुलाकर उससे पूछताछ की। नेत्रपाल के मना करने पर महिला के भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी। पुलिस ने छानबीन करने के बाद महिला के भाई और उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लाठी डंडे बरामद कर लिए हैं।