हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, असम सहित भारत के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को भी मानसून सक्रिय रहा। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने का अनुमान जताया है। वहीं, उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी रहा। राज्य के सात पर्वतीय जिलों में बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। वहीं, राज्य की 59 सड़कें बंद रहीं।
अल्मोड़ा में भाई-बहन नदी में बहे, कठुआ में 7 मजदूर बचाए
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में किशोर भाई-बहन नदी के तेज बहाव में बह गए। पुलिस ने बताया कि अल्मोड़ा के धारानौला इलाके में सोमवार की शाम भावना (17) अपने भाई आदित्य (16) के साथ नदी में नहाने उतरे तो तेज बहाव में बह गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव नदी से निकाले।
उधर, कठुआ में ऊझ नदी में सात मजदूर मछली पकड़ने गए थे। भारी बारिश के चलते नदी में अचानक बाढ़ आ गई और स्थानीय लोग जब तक उनकी मदद के लिए पहुंचे, सभी पानी में फंस गए थे। बाद में मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने सभी को सुरक्षित निकाला।