सीबीआई ने 10 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी मामले में दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम आरती कालरा है। वह एक अन्य आरोपी व व्हाइट टाइगर स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड के सनी कालरा की पत्नी हैं। आरोपी और उसके पति ने अक्तूबर 2013 में पंजाब नेशनल बैंक की दरियागंज शाखा से धोखे से 10 करोड़ रुपये का लोन लिया था और बाद में ब्याज भुगतान में अनियमितता बरतने लगे।
सीबीआई की प्रेस रिलीज के मुताबिक, 16 दिसंबर 2015 में आरती, उनके पति सनी और अन्य लोगों के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी को लेकर मामला दर्ज किया गया था। इन लोगों पर नई दिल्ली के दरिया गंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से अक्तूबर 2013 में करीब 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
मामला दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार थे। जांच एजेंसी के अनुसार, 22 दिसंबर 2016 को इन दोनों और पंजाब नेशनल बैंक के तत्कालीन चीफ मैनेजर, तत्कालीन मैनेजर और तत्कालीन एजीएम के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था। पति, पत्नी के जांच में शामिल होने पर इन के खिलाफ 2016 में रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया था।
रेड कार्नर नोटिस के तहत सनी कालरा को ओमान के मस्कट में पकड़ा गया और 7 मार्च 2020 में भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया। जबकि सनी की पत्नी आरती को 20 अगस्त 2021 को संयुक्त अरब अमीरात से लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया। आरती को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।