नई दिल्ली। नॉर्थ रोहिणी इलाके में सोमवार देर रात तेज रफ्तार सेंट्रो कार बाइक को टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई और एक युवक को कुचल दिया। दुर्घटना में बाइक सवार और युवक घायल हो गये। बाइक सवार रोहिणी सेक्टर 8 निवासी पवन शर्मा (37) की शिकायत पर पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर रोहिणी सेक्टर-17 रोहिणी निवासी चालक नीर संधू (18) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पवन स्वीगी कंपनी में फूड डिलीवरी करते हैं। सोमवार देर रात वे बाइक से ऑर्डर डिलीवर करने सेक्टर 11 जा रहे थे। जापानी पार्क के पास तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर पटरी पर चढ़ गई। वहां कार ने अभिलाष शुक्ला को कुचल दिया। घटना के बाद चालक पवन के पास पहुंचा। पवन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एंबुलेंस ने पवन और अभिलाष को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों के साथ कार चालक रोहिणी के सेक्टर-17 रोहिणी निवासी नीर संधू भी अस्पताल गया। पुलिस ने पवन की शिकायत पर मामला दर्ज कर नीर संधू को गिरफ्तार कर लिया।