नई दिल्ली। मदनपुर खादर में गांजे की बिक्री की सूचना पर सरिता विहार थाना पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने संयुक्त रूप से छापा मारा। टीम ने एक दुकान और उससे जुड़े घर की तलाशी ली। इस दौरान 52 पुड़ियों में रखा 222 ग्राम गांजा और 84,300 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस को शक है कि नकदी गांजे की बिक्री से मिली थी।
विज्ञापन
पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि इलाके में गांजा बेचने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान एनसीबी के दो खोजी कुत्तों की मदद ली गई, ताकि छिपाकर रखा गया गांजा तलाशा जा सके। छापे के दौरान घर में एक महिला भी मौजूद थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों को बेचा जाना था, इसकी जांच कर रही है। संवाद