अतिक्रमण के खिलाफ उत्तरी दिल्ली नगर निगम की कार्रवाई निरंतर जारी है। शुक्रवार को रोहत रोड की सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाया गया। सड़क किनारे बनी करीब पचास से अधिक टीन टप्पर से बनी अस्थायी झुग्गयों पर बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई में निगम कर्मियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा।
रोहतक रोड पर मादीपुर स्टेशन के नजदीक सालों से अतिक्रमण था। दिल्ली से रोहतक जाने पर दाहिनी तरफ सर्विस लेन की दोनों पटरियों पर अवैध दुकानें बनाई गई थीं। इसके अलावा सड़क पर गाड़ियों की मरम्मत का काम चल रहा था। टीन, टप्पर, टायरों, बोरियों और पुराने कपड़ों से निर्मित पचास के करीब झुग्गियां थीं। शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे इसे हटाने के लिए अचानक निगम का दस्ता पहुंच गया। साथ में दो बुल्डोजर और भारी पुलिस बल भी पहुंचे थे।
निगम की टीम को देखते ही लोगों ने अपनी झुग्गियों से कीमती सामान निकालने लगे। करीब आधे घंटे में जिसे जो सामान निकालना था, उसने निकाला। इसके बाद एक सिरे से बुल्डोजर की कार्रवाई शुरू हुई। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान सर्विस लेन पर बनाई गई सभी झुग्गियों को जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई से निकला झुग्गियों का मलबा निगम के ट्रकों में भरकर ले जाया गया।
निगम की चेतावनी, फिर होगी कार्रवाई
निगम की टीम ने लोगों को चेतावनी दी कि यहां दोबारा झुगिग्यां न बनाएं। यदि फिर से झुग्गियां बनाईं तो फिर से कार्रवाई होगी। तब सामान निकालने का मौका भी नहीं दिया जाएगा।
मंगोलपुरी के लिए नहीं मिली पुलिस
शुक्रवार को मंगोलपुरी में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई होनी थी। लेकिन पुलिस नहीं मिलने के कारण निगम को यह कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी। राजा पार्क थाने से मंगोलपुरी कतरन मार्केट तक सड़क के दोनों तरफ यहां अतिक्रमण हटाया जाना था। निगम अधिकारियों के मुताबिक बिना पुलिस बल के यहां कार्रवाई नहीं की जा सकती थी, इसलिए कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। लेकिन जिस दिन पुलिस उपलब्ध होगी, यहां कार्रवाई की जाएगी।