बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में कर्ज में डूबे दो सगे भाइयों ने शनिवार शाम 3 साल की बच्ची का घर के बाहर से अपहरण कर लिया। आरोपी बच्ची को स्कूटी पर लेकर फरार हुए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए रविवार सुबह आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह शादी समारोह में कैटरिंग का काम करते थे, लेकिन लॉकडाउन के बाद से उनके पास कोई काम नहीं था। दोनों भाइयों पर काफी कर्ज हो गया था। बच्ची का अपहरण कर परिजनों से 5 लाख रुपये वसूलने का इरादा था।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के अपहरण की शिकायत पर इलाके में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए थे। फुटेज में स्कूटी सवार दो लोग दिखाई दिए, उनके बीच में लाल रंग की फ्राक पहने बच्ची नजर आई। स्कूटी के नंबर की पड़ताल कर पुलिस आरोपियों के हरिनगर स्थित घर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
पुलिस ने किसी तरह आरोपियों के मोबाइल नंबर तलाशे। इसके बाद सर्विलांस की मदद से निहाल विहार के एक किराये के मकान से आरोपियों को पकड़कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रवीण (26) और रोहित (22) बताए। दोनों सगे भाइयों ने कहा कि उनका मकसद बच्ची को नुकसान पहुंचाना नहीं, सिर्फ परिजनों से रकम वसूलना था।