आईपीएल सीजन-13 के लिए टीम दिल्ली कैपिटल्स से साथ मल्टीनेशनल कंपनी बालकृष्ण इंडस्ट्रीज लिमिटेड (बीकेटी टायर्स) ने हाथ मिलााया है। आईपीएल का आयोजन 19 सितंबर से यूएई में होगा। दिल्ली कैपिटल्स के साथ इस साझेदारी के जरिए बीकेटी टायर्स ने क्रिकेट के प्रति अपना रुचि दिखाई है।
कंपनी ने 2019 सीजन में वीवो प्रो कबड्डी लीग की 12 में से आठ टीमों- पटना पाइरेट्स, पुनेरी पल्टन, तमिल थलाइवास, यू मुंबा, गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स, यूपी योध्दा, दबंग दिल्ली और हरियाणा स्टीलर्स कबड्डी के साथ साझेदारी की थी।
बीकेटी के संयुक्त प्रबंध निदेशक राजीव पोद्दार ने कहा, “क्रिकेट भारत में लोकप्रिय खेल है। हम एक ऐसी टीम से साझेदारी करके उत्साहित हैं, जिसमें श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, पृथ्वी शॉ और शिमरॉन हेटमेयर जैसी कई युवा और रोमांचक प्रतिभाएं हैं।
रिकी पोंटिंग की कोचिंग में अश्विन और शिखर धवन जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। हम दुनियाभर में कई खेल आयोजनों और टीमों से जुड़े हैं, लेकिन यह विचार मुझे बहुत खुशी से भर देता है कि अब हम राष्ट्रीय राजधानी का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम का समर्थन कर रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के सीईओ धीरज मल्होत्रा ने कहा, "हमें खुशी है कि बीकेटी आईपीएल के इस सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स के भागीदारों में से एक है। मुझे विश्वास है कि उनके साथ इस साझेदारी से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।