गाजियाबाद में सोमवार को कोरोना के 278 नए मरीज मिले। संक्रमण मुक्त हुए 119 को होम आईसोलेशन एवं अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। अब तक संक्रमण की चपेट में 11064 मरीज आ चुके हैं। इनमें से 8865 संक्रमण मुक्त होने के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2126 का इलाज चल रहा है। पटेल मार्ग निवासी 76 वर्षीय एक बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। हालांकि विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। प्रशासन के अनुसार अब तक 73 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।
सोमवार को शासन द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार 278 मरीजों में 105 गर्भवती महिलाएं संक्रमण की चपेट में आई हैं। अस्थाई जेल में लाए गए दो बंदी में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीजों में दस बुजुर्ग के अलावा पंचवटी कॉलोनी में एक परिवार के सभी चार सदस्य, नंदग्राम में घर के सभी तीन, क्रासिंग रिपब्लिक के दो परिवार के 11 सदस्य एवं इंदिरापुरम में पांच परिवार के सभी 18 सदस्य हैं। आयुध निर्माणी मुरादनगर के तीन कर्मचारी भी चपेट में आए हैं। सेंट्रल बैंक की महिला कर्मचारी भी चपेट में आ गई है।