दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सम्मान मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने हमलावर हो गई है। वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने कहा कि ऐसा करके भाजपा ने अपना असली चेहरा देश को दिखा दिया कि वो गुंडों की पार्टी है। आतिशी यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा कि भाजपा गुंडों व बलात्कारियों को सम्मानित कर आगे बढ़ाती है।
साथ ही उसने अपने कार्यकर्ताओं को संकेत दिया है कि वह जितनी ज्यादा गुंडागर्दी करेंगे, उतना ही भाजपा उन्हें आगे बढ़ाएगी। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा के सांसद तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हमला हुआ। इसमें कई भाजपा के कार्यकर्ता शामिल थे। इस पर हाईकोर्ट ने बहुत सख्त टिप्पणी की और कई दिनों तक आरोपियों को जमानत नहीं दी। जब कोर्ट ने आरोपियों को जमानत दी तो भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में इन्हें सम्मानित किया।
आतिशी ने भाजपा के ऐसे नेताओं के नाम गिनाए, जिन पर तोड़फोड़, गुंडागर्दी, छेड़छाड़, बलात्कार, अपहरण के आरोप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आवास पर हमले के बाद सोनिया विहार के यूजीआर पर भाजपा नेताओं ने इसी प्रकार की गुंडागर्दी करने की कोशिश की। इसी तरह का हमला 10 दिसंबर 2020 को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर हुआ था। इन्हीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दिसंबर 2020 में दिल्ली जल बोर्ड के ऑफिस में हमला किया था।
गुंडों को कैबिनेट में भी देती है पद
आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे अपराधियों को सांसद और विधायक बनाने के बाद कैबिनेट में पद भी देती है। वहीं, आप पढ़े-लिखे लोगों की पार्टी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आईआईटी से ग्रेजुएट हैं और सिविल सेवा में रह चुके हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जाने-माने पत्रकार रह चुके हैं।
राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से पढ़े हैं। दूसरे राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक आईआईटी में प्रोफेसर रह चुके हैं। पंजाब के विधायकों में 12 डॉक्टर हैं। इनके अलावा कई नेता वकील, सिविल सेवा से जुड़े रहे।